संसद का मानसून सत्र चल रहा है। लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा चल रही है। ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा की शुरुआत रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने की। वहीं इसके बाद लोकसभा में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कुछ चुभते हुए सवाल पूछे। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि राजनाथ सिंह जी ने बहुत सारी जानकारी दी, लेकिन रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने कभी उल्लेख नहीं किया कि कैसे पाकिस्तान से आतंकवादी पहलगाम पहुंचे और 26 लोगों को मार डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के हित में सवाल पूछना हमारा कर्तव्य है।
गौरव गोगोई ने कहा, “पूरा देश और विपक्ष पीएम मोदी का समर्थन कर रहा था। अचानक 10 मई को हमें पता चला कि युद्ध विराम हो गया है। क्यों? हम पीएम मोदी से जानना चाहते थे कि अगर पाकिस्तान घुटने टेकने को तैयार था, तो आप रुके क्यों, और किसके सामने आत्मसमर्पण किया? अमेरिकी राष्ट्रपति 26 बार कह चुके हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान को युद्ध विराम के लिए मजबूर किया।”
गौरव गोगोई ने कहा कि हम आज राजनाथ सिंह जी से जानना चाहते हैं कि हमारे कितने लड़ाकू विमान गिराए गए। उन्होंने कहा कि हमें यह न केवल जनता को, बल्कि अपने जवानों को भी बताना होगा, क्योंकि उनसे भी झूठ बोला जा रहा है। गौरव गोगोई ने कहा कि 35 राफेल विमान थे और कितने अभी फंक्शनल हैं? उन्होंने कहा कि अगर एक भी नुकसान हुआ है तो ये बहुत बड़ा नुकसान है।
भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर क्यों रोके हमले? रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दिया सबसे बड़े सवाल का जवाब
गौरव गोगोई ने चीन को लेकर भी मोदी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब युद्ध चल रहा था तब चीन पूरी तरह से पाकिस्तान की मदद कर रहा था, कहां गए लाल आंख दिखाने वाले? उन्होंने कहा कि हमारी विदेश नीति का क्या, जो एकदम फ्लॉप साबित हुई है। गौरव गोगोई ने कहा कि IMF पाक को लोन देता है, आप क्या करते हैं?
गौरव गोगोई ने कहा कि आतंकवादियों का मकसद जम्मू कश्मीर की अर्थव्यवस्था को तबाह करना और देश के सांप्रदायिक ताने-बाने को ध्वस्त करना था। उन्होंने कहा कि सच्चाई बताई जानी चाहिए। गौरव गोगोई ने कहा कि पहलगाम हमले को 100 दिन बीत चुके हैं लेकिन सरकार आतंकवादियों को न्याय के कटघरे में नहीं ला पाई है। गौरव गोगोई ने पूछा कि सेना ने PoK पर कब्जा क्यों नहीं किया? गौरव गोगोई ने कहा की रक्षा मंत्री ने बताया कि युद्ध हमारा मकसद नहीं था, तो मैं पूछना चाहता हूं क्यों नहीं था, होना चाहिए था। गौरव गोगोई ने कहा कि PoK आज नहीं लेंगे तो कब लेंगे।